
रेडक्रॉस और रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई बड़े फैसले, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने दिए सख्त निर्देश
डिंडौरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने और आमजन तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी एवं रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला यह लिया गया कि अब जिले में प्रत्येक शुक्रवार नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार और रक्त उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा जिले के चारों विकासखंडों में नए जन औषधि केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे आम नागरिकों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यता अभियान को गति देने, अधिक से अधिक आजीवन सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को जोड़ने तथा जनसेवा गतिविधियों का विस्तार करने पर भी सहमति बनी। समिति ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री नरेंद्र सिंह राजपूत, सचिव श्री प्रवीण दास, कोषाध्यक्ष श्री सचिन जैन, सदस्य श्री शुभांशु चंद्रोल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे, सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, कार्यपालन यंत्री श्री एम.एस. धुर्वे, डीपीएम श्री विक्रम सिंह, डॉ. जयश्री मरावी, सुश्री सुरुचि पराते सहित स्वास्थ्य विभाग एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
🔥 Socialnetworkingservices.in
“जहाँ खबर नहीं, असर दिखता है!”







