“युवाओं की आवाज दबाने वाली सरकार अब डर चुकी है” — अमरपुर में गरजे कांग्रेसी
अमरपुर। पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi की पुण्यतिथि पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अमरपुर द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा राजनीतिक तेवरों से भर गई। मंच से कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, युवाओं की आवाज दबाने और सोशल मीडिया सेंसरशिप जैसे मुद्दों को लेकर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला। नेताओं के तीखे भाषणों से कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह गर्मा गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर ने कहा कि Rajiv Gandhi ने देश को कंप्यूटर क्रांति, आधुनिक तकनीक और युवाओं को नई दिशा देने का सपना दिया था, लेकिन आज की सरकार युवाओं के भविष्य को अंधेरे में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि जिस भारत को डिजिटल और मजबूत बनाने की नींव रखी गई थी, आज उसी भारत का युवा नौकरी के लिए भटकने को मजबूर है।
वहीं मंडलम अध्यक्ष संदीप शाह ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है और पेपर लीक अब “उद्योग” बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सोशल मीडिया की चमक और प्रचार के जरिए असल मुद्दों को छिपाने में लगी है।
संदीप शाह ने कहा —
“जब सरकार युवाओं के मीम्स, रिल्स और सवालों से डरने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि सत्ता की नींव हिल चुकी है। बेरोजगार युवाओं का गुस्सा अब सोशल मीडिया से निकलकर जनआंदोलन बनने जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल हो चुकी है, इसलिए अब डर और दमन की राजनीति कर रही है। लेकिन इतिहास गवाह है कि जब युवा जागता है, तो सबसे मजबूत सत्ता भी हिल जाती है।
पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष हेमंत हरदहा ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि किसान, गरीब, पिछड़ा वर्ग और बेरोजगार युवाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल मंचों से बड़े-बड़े वादे करती है, जबकि जमीनी हकीकत बद से बदतर होती जा रही है।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा —
“जनता अब सब देख रही है… और आने वाले समय में जवाब भी देगी और हिसाब भी लेगी।”
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि रोजगार, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई अब गांव-गांव से लेकर सोशल मीडिया और सड़कों तक लड़ी जाएगी।
इस दौरान महेंद्र ठाकुर ब्लाक अध्यक्ष, हेमंत हरदहा पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष, लियाकत अली प्रदेश सचिव समाज कल्याण प्रकोष्ठ, देव सिंह भारती सोशल मीडिया विधानसभा अध्यक्ष, संदीप शाह मंडलम अध्यक्ष, कारे लाल धुर्वे, सोने लाल, महेंद्र बनवासी, प्रसाद विश्वकर्मा एवं हीरालाल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।