
विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों से सीधे संवाद, समस्याओं का मौके पर निराकरण, योजनाओं की दी जानकारी
मंडला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मवई विकासखंड की ग्राम पंचायत दाढ़ी में आयोजित विशेष रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त मंच बनकर सामने आया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके द्वारा अधिकारियों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना शासन की प्राथमिकता है।
रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम के लिए रवाना हुई अधिकारियों की बस में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का यह दल ग्राम दाढ़ी पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेगा तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
ग्राम दाढ़ी में आयोजित रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने गए तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों द्वारा शिविर एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी संचालित की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकारियों के दल ने ग्राम दाढ़ी पहुंचकर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। शाम 6 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ खुली चर्चा की गई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, रोजगार एवं अन्य जनहित के विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया तथा पौधारोपण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया।
रात्रि विश्राम के पश्चात 6 जून की सुबह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद खेलकूद एवं युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को शासन की योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा खेल गतिविधियों से जोड़ने पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों के साथ विकास संबंधी विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श भी किया जाएगा।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी विभागों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। ग्राम दाढ़ी में आयोजित यह रात्रि चौपाल न केवल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का मंच बनी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन भी साबित हुआ।


