
डिंडौरी में शुरू हुई ई-टोकन व्यवस्था, मोबाइल से बुक होगी खाद
डिंडौरी। खरीफ सीजन की तैयारी में जुटे किसानों के लिए इस बार राहत भरी खबर आई है। अब खाद लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए ई-टोकन व्यवस्था शुरू कर दी है, जिसके जरिए किसान घर बैठे मोबाइल से खाद बुक कर सकेंगे और तय तारीख पर केंद्र से आसानी से उर्वरक प्राप्त कर पाएंगे।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इससे खाद वितरण में पारदर्शिता आएगी और कालाबाजारी जैसी समस्याओं पर भी नियंत्रण लगेगा।
गांवों तक पहुंच रही डिजिटल सुविधा
कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मार्कफेड और निजी विक्रेताओं के सहयोग से जिले में यह व्यवस्था संचालित की जा रही है। गांव-गांव में सचिव, पटवारी और कृषि अमला किसानों को ई-टोकन प्रक्रिया समझा रहा है। स्वयं सहायता समूह और एफपीओ भी किसानों को जागरूक करने में जुटे हैं।
अब तक जिले के 62 खाद विक्रय केंद्रों में 12 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें हजारों किसान ई-टोकन प्राप्त कर खाद भी उठा चुके हैं। प्रशासन के अनुसार जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।
ऐसे काम करेगी नई व्यवस्था
किसान ई-विकास पोर्टल पर आधार नंबर के जरिए पंजीयन करेंगे। मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन के बाद उनकी भूमि और फसल के अनुसार खाद की पात्रता दिखाई जाएगी। इसके बाद किसान अपनी पसंद के विक्रेता का चयन कर ई-टोकन जनरेट कर सकेंगे।
जारी टोकन के आधार पर किसान सात दिनों के भीतर संबंधित केंद्र से खाद प्राप्त कर पाएंगे। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उनके लिए पटवारी स्तर पर भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। विभागीय अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे नई डिजिटल व्यवस्था का लाभ उठाएं और खरीफ फसल की तैयारी समय पर पूरी करें।


