
कटनी की बेटी ने रचा इतिहास
भोपाल। चारू जैन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की वर्ष 2022 परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से पूरे कटनी जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी की पूर्व छात्रा चारू जैन बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की मेधावी छात्रा रही हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई थी।
चारू जैन के पिता श्री सुनील कुमार जैन एवं माता श्रीमती संगीता जैन ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम बताया। वहीं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चारू की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है।
✨ युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
चारू जैन की यह सफलता साबित करती है कि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची, तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि ने जिले के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है।


