“उच्च शिक्षा में नहीं आने देंगे कोई बाधा” — कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे
मंडला। मंडला जिले के ग्राम करौंदा टोला (भीमडोंगरी) की दिव्यांग छात्रा द्रौपदी धुर्वे ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और संघर्ष से यह साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। द्रौपदी ने पैरों से लिखकर कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
द्रौपदी की इस प्रेरणादायक उपलब्धि से प्रभावित होकर कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे स्वयं उसके घर पहुँचे। उन्होंने छात्रा एवं उसके परिजनों से आत्मीय चर्चा कर द्रौपदी के साहस, संघर्षशीलता और आत्मविश्वास की सराहना की तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर श्री धोटे ने द्रौपदी को आगे भी निरंतर शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उसकी उच्च शिक्षा और करियर निर्माण में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि आर्थिक या अन्य किसी भी कारण से उसकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
परिवार की समस्याएँ सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने द्रौपदी के पिता से परिवार की स्थिति और उपलब्ध शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवास, राशन कार्ड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति समझी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से मुर्गी पालन जैसे स्वरोजगार से जुड़ने की सलाह भी दी गई।
योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि द्रौपदी धुर्वे का परिवार शासन की किसी भी जनकल्याणकारी योजना से वंचित न रहे। उन्होंने पात्रता अनुसार सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य अंतू राठौर, सहायक कलेक्टर शैलेंद्र चौधरी, तहसीलदार मवई, सीईओ जनपद पंचायत मवई सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।