पुलिस परिवारों को बड़ी राहत, कैशलेस इलाज और आश्रितों को भी मिलेगा योजना का लाभ
भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PPHSS) को और प्रभावी बनाने की तैयारी की गई है, जिसके तहत अब गंभीर बीमारियों से जूझ रहे तथा ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को ₹14 लाख तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
नई व्यवस्था के अनुसार कैंसर, किडनी एवं लीवर ट्रांसप्लांट, ओपन हार्ट सर्जरी, कोमा और पैरालिसिस जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज पर आने वाले भारी खर्च का भुगतान योजना के तहत किया जाएगा। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध विवेचना या सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को भी इस विशेष हेल्थ कवर का लाभ मिलेगा।
सरकार ने पुलिसकर्मियों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा का दायरा बढ़ाने का भी निर्णय लिया है। वर्तमान में योजना से जुड़े 59 निजी अस्पतालों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
विशेष परिस्थितियों में यदि किसी गैर-अनुबंधित अस्पताल में भर्ती कराना पड़े, तो मरीज की हालत स्थिर होने तक वहां भी कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। साथ ही लंबित चिकित्सा बिलों के शीघ्र भुगतान के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सरकार ने अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त कर्मचारियों के आश्रित छोटे भाई-बहनों एवं दिव्यांगजनों को भी योजना का लाभ देने का प्रस्ताव तैयार किया है।
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लिया गया यह फैसला प्रदेश के लाखों पुलिस परिवारों के लिए बड़ी राहत और भरोसे का कदम माना जा रहा है।