“आदिवासी हितों” का ढोल पीटने वाली सरकार ने हजारों युवाओं की रोज़ी छीनी?
कांग्रेस हमलावर, भाजपा पर लगाए वादाखिलाफी के आरोप
डिंडौरी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पेसा ग्राम सभा मोबिलाइजर्स को सेवा मुक्त किए जाने के फैसले ने आदिवासी अंचलों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। जिन युवाओं को सरकार ने गांव-गांव भेजकर पेसा कानून का प्रचार करवाया, आज वही युवा अचानक बेरोजगारी की आग में झोंक दिए गए हैं। अब इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है और कांग्रेस ने भाजपा सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है।
डिंडौरी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखते हुए सेवा समाप्ति आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। मरकाम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी हितों की बात तो बड़े मंचों से करती है, लेकिन जमीन पर आदिवासी युवाओं का भविष्य छीनने में लगी हुई है।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2020 में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत नियुक्त किए गए पेसा मोबिलाइजर्स ने गांवों में ग्राम सभाओं को मजबूत करने, ग्रामीणों को अधिकारों की जानकारी देने और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन अब बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के हजारों मोबिलाइजर्स को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
इस फैसले के बाद आदिवासी क्षेत्रों में सरकार की मंशा पर भी सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष का आरोप है कि भाजपा सरकार चुनावों के समय आदिवासी हितों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जब रोजगार और हक की बात आती है तो सबसे पहले आदिवासी युवाओं पर ही “कैंची” चला दी जाती है।
कांग्रेस नेताओं ने इसे “रोजगार छीनो अभियान” करार देते हुए कहा कि सरकार एक तरफ युवाओं को रोजगार देने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ हजारों परिवारों की आजीविका खत्म कर रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि नई नीति बन ही रही थी, तो तब तक मोबिलाइजर्स को सेवा में बनाए रखने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि यह फैसला आने वाले समय में आदिवासी अंचलों में भाजपा के लिए बड़ा मुद्दा बन सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच यह नाराजगी खुलकर दिखाई देने लगी है और सोशल मीडिया पर भी सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
“पहले रोजगार का सपना दिखाया…
फिर एक आदेश से हजारों घरों के चूल्हे बुझा दिए!” 🔥