
अमरपुर के साम्हर गांव से विकसित भारत-जीराम-जी योजना की शुरुआत, 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी और 125 दिन रोजगार का दावा
डिंडौरी। अमरपुर। जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत साम्हर में गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने विकसित भारत-जीराम-जी योजना का शुभारंभ किया। सरकार का दावा है कि अब प्रत्येक जॉबकार्ड धारक परिवार को 125 दिनों का रोजगार और 1 जुलाई 2026 से ₹300 प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी। साथ ही समय पर भुगतान न होने पर विलंब मुआवजा और रोजगार उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान बताया गया है।
कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों की आय बढ़ाना, रोजगार उपलब्ध कराना, जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को गति देना है। ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्ययोजना बनाकर विकास कार्य कराएंगी।
हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले भी रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान और कार्य उपलब्ध कराने को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार घोषणा ज़मीन पर पूरी ईमानदारी से लागू होगी या फिर यह भी केवल सरकारी दावों तक सीमित रह जाएगी?
ग्रामीणों की उम्मीद अब केवल घोषणा पर नहीं, बल्कि समय पर काम, समय पर भुगतान और पारदर्शी क्रियान्वयन पर टिकी है। यदि योजना का प्रभावी संचालन हुआ तो यह निश्चित रूप से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे सकती है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष हन्नू सिंह पट्टा, जिला पंचायत सदस्य प्रीतम सिंह मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनौरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
🔥 Socialnetworkingservices.in
“जहाँ खबर नहीं, असर दिखता है!”




