सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बनाया विशेष जिला प्रकोष्ठ
जिले में अब प्लास्टिक कचरे, गंदगी और अवैध डंपिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
डिंडौरी। जिले को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) को प्रभावी बनाने हेतु विशेष जिला प्रकोष्ठ (Special Cell) के गठन के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार इस विशेष समिति की अध्यक्ष स्वयं कलेक्टर होंगी। समिति में जिला पंचायत, शहरी विकास अभिकरण, जनपद पंचायतों, नगरपालिका परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा, स्वच्छ भारत मिशन और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
जिले में अब चलेगा “स्वच्छता मिशन” का विशेष अभियान
प्रशासन द्वारा गठित यह विशेष जिला प्रकोष्ठ जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर व्यापक कार्ययोजना लागू करेगा। इसके तहत धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का सख्ती से पालन तथा अवैध प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही गांवों और शहरी क्षेत्रों में गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक पद्धति से निपटान और आधुनिक तकनीक से कचरा प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
हर वार्ड में होगी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
विशेष जिला प्रकोष्ठ द्वारा प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता रैंकिंग और RRR सेंटर (Reduce-Reuse-Recycle) स्थापित करने की योजना बनाई गई है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले बड़े कचरा उत्पादकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार अवैध डंपिंग, खुले में कचरा फेंकने और प्लास्टिक उपयोग करने वालों पर प्रशासनिक सख्ती बढ़ सकती है।
कलेक्टर ने दिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य जिले को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना है।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन की यह नई पहल धरातल पर कितनी प्रभावी साबित होती है और जिले में स्वच्छता व्यवस्था में कितना बदलाव ला पाती है।