छात्र-युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर सड़कों पर उतरेगी जिला कांग्रेस कमेटी
मंडला। NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा निरस्त होने और मामले की CBI जांच को लेकर देशभर में बढ़ते आक्रोश के बीच जिला कांग्रेस कमेटी मंडला ने आज विशाल मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे केवल एक परीक्षा नहीं बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य और मेहनत से जुड़ा मुद्दा बताया है। पार्टी का कहना है कि मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिससे देशभर के युवाओं में भारी नाराजगी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्र आज यह सवाल पूछने को मजबूर हैं कि “मेहनत करें या पेपर खरीदें?” पार्टी ने सरकार पर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
शाम 6:30 बजे उदय चौक से निकलेगा जुलूस
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार मशाल जुलूस आज 16 मई को शाम 6:30 बजे उदय चौक, मंडला से प्रारंभ होगा। जुलूस का समापन बस स्टैंड स्थित खेरमाई मंदिर में नारियल भेंट कर किया जाएगा।
इस दौरान छात्र, युवा, अभिभावक, बुद्धिजीवी और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।
कांग्रेस ने की अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी मंडला ने जिले के सभी छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर युवाओं के भविष्य की लड़ाई में आवाज बुलंद करने की अपील की है।
✊ “युवा का भविष्य बिकने नहीं देंगे”
✊ “पेपर माफिया और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा”
— जिला कांग्रेस कमेटी मंडला