लस्सी, शेक, पनीर और कोल्ड ड्रिंक के सैंपल जांच के लिए भोपाल रवाना, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप
डिंडोरी। गर्मी बढ़ते ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिले में मिलावटखोरी और खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य विभाग की टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण कार्रवाई की।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जबलपुर बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई दुकानों और भोजनालयों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा टीम के अचानक पहुंचने से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान सत्यम लस्सी एवं मैंगो जूस सेंटर, आनंद चाट भंडार, न्यू खेतेश्वर स्वीट्स, सवाई भोज आइसक्रीम कुल्फी शेक सेंटर, मां शारदा ट्रेडर्स एवं मारवाड़ी भोजनालय सहित कई प्रतिष्ठानों से लस्सी, मैंगो शेक, बादाम शेक, मिल्क शेक, शुगर फ्री कोल्ड ड्रिंक, पनीर एवं चावल के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य निर्माण में केवल स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा फ्रिज और खाद्य भंडारण सामग्री को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। वहीं मारवाड़ी भोजनालय को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि गर्मी के मौसम में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, खराब आइसक्रीम, दूषित जूस या मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कोल्ड ड्रिंक ठंडा करने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना भी कानून का उल्लंघन बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह तेकाम ने कहा कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आम नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अब सबकी नजर भोपाल लैब की रिपोर्ट पर टिकी है… आखिर जांच में क्या खुलासा होगा?