डिंडोरी। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत भारत सरकार की ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं नोडल अधिकारी श्रीमती स्वाति मीणा ने शुक्रवार को जनपद समनापुर के ग्राम दुधेरा का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे सब्जी उत्पादन, नल-जल योजना एवं अन्य आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। चौपाल में महिलाओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को समझा।
🚰 नल-जल योजना का निरीक्षण
नोडल अधिकारी श्रीमती मीणा ने गांव में पैदल भ्रमण करते हुए पेयजल व्यवस्था का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने चुल्लू से पानी पीकर उसकी गुणवत्ता जांची और पीएचई विभाग के कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 37 लाख रुपये की लागत से 3500 मीटर पाइपलाइन, 20 हजार लीटर क्षमता की टंकी तथा 51 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
🌱 महिला समूहों की आजीविका गतिविधियां
उन्होंने सुहानिया बाई एवं बबीता के खेतों का निरीक्षण कर जैविक खेती के तहत उगाई जा रही टमाटर, मैथी और धनिया की फसलों को देखा। महिलाओं ने बताया कि वे अपनी उपज को स्थानीय बाजार में बेचकर आय अर्जित कर रही हैं।
👩🌾 समूह की सफलता की कहानी
चौपाल में शिव-पार्वती स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष भानवती धुर्वे ने बताया कि वर्ष 2006 से समूह द्वारा जैविक खेती, खेत तालाब निर्माण, ग्राफ्टेड बैंगन उत्पादन और मुर्गी पालन जैसे कार्य सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।
👩💼 कलेक्टर ने भी की सराहना
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने महिलाओं से चर्चा की। गांव की महिलाओं ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
🌟 महिलाओं की क्षमता की सराहना
ज्वाइंट सेक्रेटरी श्रीमती मीणा ने कहा कि जिले की महिलाओं में अपार क्षमता और उत्साह है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां के उत्पादों को राज्य के बाहर बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
👥 उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडोरी श्री राम बाबू देवांगन, तहसीलदार समनापुर श्री सुखमन कुलेश, जनपद सीईओ श्री पंकज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।