डिंडोरी। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि एवं कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, डिंडोरी में तिलहन एवं मोटे अनाज (मिलेट्स) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तिलहन मिशन एवं एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत सम्पन्न हुआ, जिसमें जिले के सभी सातों विकासखंडों से आए कृषकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कृषकों को तिलहन एवं मोटे अनाजों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, वैज्ञानिक फसल प्रबंधन तथा प्रसंस्करण की विधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मूल्य संवर्धन के माध्यम से आय में वृद्धि के उपाय, बाजार की वर्तमान मांग एवं विपणन से संबंधित चुनौतियों के समाधान पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं तकनीकी सहायकों ने कृषकों को व्यावहारिक कृषि सलाह दी तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कृषकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कृषक श्री जोगीराम सरोते ने कार्यक्रम के समापन पर कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इन्हें नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे कृषकों को नवीन तकनीकों की जानकारी मिलती रहे।