डिंडौरी। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत अमरपुर द्वारा तहसील परिसर अमरपुर में “संकल्प से समाधान” शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण करते हुए बड़ी संख्या में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष हन्नू सिंह पट्टा, जनपद सदस्य पुष्पराज तेकाम, रामकिशोर ठाकुर, क्रांति धुर्वे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी दिव्याशु चौधरी, तहसीलदार अमरपुर तथा जनपद पंचायत अमरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनौरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों ने किया त्वरित निराकरण
शिविर के दौरान विकासखंड अमरपुर के विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों तथा ऑनलाइन माध्यम से दर्ज शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए कई लंबित प्रकरणों का समाधान किया।
राजस्व प्रकरणों का हुआ निराकरण
राजस्व विभाग द्वारा फौती नामांतरण, बटवारा एवं सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में राहत मिली।
अनुग्रह सहायता के तहत आर्थिक मदद
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अनुग्रह सहायता योजना के अंतर्गत सामान्य मृत्यु के 14 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये तथा दुर्घटना से मृत्यु के 2 हितग्राहियों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ
सामाजिक न्याय विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 157 पात्र हितग्राहियों को प्रतिमाह 600 रुपये पेंशन स्वीकृत की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के 5 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश वितरित किए गए।
1684 हितग्राही हुए लाभान्वित
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत कुल 1684 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।