कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने दिए शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने जिले में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति को और तेज करने के निर्देश देते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा।बैठक में एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री राजेंद्र कुमार जाटव, डॉ. रमेश मरावी, डॉ. राजकुमार डोंगरे सहित स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजाति कार्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जिला टीकाकरण अधिकारी (DIO), सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), बीआरसी और बीएमओ को निर्देशित किया कि जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और समुदाय स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराया जाए, ताकि कोई भी बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।बैठक में बताया गया कि एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति के मामले में डिंडौरी जिला पूरे प्रदेश में टॉप-5 जिलों में शामिल है। कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर संबंधित विभागों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसी गति से कार्य करते हुए जिले को जल्द ही शत-प्रतिशत टीकाकरण की श्रेणी में लाया जाए।अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगाया जाता है। यह टीका स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को दिया जा रहा है।कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभिभावकों और समुदाय में भी जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाएं और शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।