डिंडौरी। जिले में विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड समनापुर में निर्माणाधीन तहसील भवन का औचक निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि डीपीआर में निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाए और निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सख्ती से कहा कि अप्रैल 2026 तक तहसील भवन का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को जल्द से जल्द राजस्व सेवाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि तहसील भवन के तैयार होने के बाद समनापुर क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए डिंडौरी आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। नए भवन में नामांतरण, बंटवारा, राजस्व अभिलेख, फार्मर रजिस्ट्री सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि तहसील भवन के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी और सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुगम बनेगी।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार समनापुर श्री सुकमन सिंह कुलेश, आरआई श्री जितेन्द्र रजक, संबंधित पटवारी तथा प्रशासनिक अमला भी उपस्थित रहा।