डिंडौरी। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कार्यालय (खाद्य शाखा) डिंडौरी से जारी निर्देशों के अनुसार जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए गैस एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए कहा गया है। साथ ही एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि खाद्य विभाग एवं ऑयल कंपनियों के अधिकारी एलपीजी वितरकों के यहां घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक की नियमित समीक्षा करेंगे और उसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को उपलब्ध गैस स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा आवश्यकता होने पर वैकल्पिक ईंधन स्रोतों के उपयोग की सलाह दी जाएगी।
प्रशासन ने गैस एजेंसियों की नियमित जांच के निर्देश भी जारी किए हैं। यदि किसी एजेंसी में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की गैस एजेंसियों के साथ समन्वय कर प्रतिदिन गैस आपूर्ति की प्रगति का विवरण ऑनलाइन माध्यम से अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।