डिंडोरी। महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड समनापुर में ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’ का शुभारंभ किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मातृशक्ति संकुल स्तरीय संगठन द्वारा संचालित इस कैफे का उद्घाटन बुधवार को पुराने तहसील कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार सिंह मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत समनापुर अध्यक्ष पवनती कुशराम, जिला पंचायत सदस्य हेमवती राजपूत, अशोक संत और भारत राजपूत की उपस्थिति में किया गया। वहीं प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक अर्पणा पांडेय, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, समनापुर, अमरपुर एवं बजाग के स्टाफ सहित प्रदान संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में ‘दीदी कैफे’ स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका संचालन स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
अधिकारियों ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’ के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका संचालन और प्रबंधन पूरी तरह स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संकुल स्तरीय संगठन की महिलाओं ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की।
अंत में समूह की महिलाओं ने संकल्प लिया कि बेहतर सेवा और गुणवत्ता के माध्यम से ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’ को पूरे जिले में एक पहचान दिलाई जाएगी। वहीं आजीविका मिशन के अधिकारियों ने कैफे संचालन में आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।