भोपाल/नरसिंहपुर। विशेष संवाददाता – राजकुमार दुबे मो.नं. +91 94254 57928
करेली–बरमान रोड पर गोंगावारी के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर ने एक मासूम बच्ची की जिंदगी छीनने ही वाली थी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थमने लगीं, नब्ज भी बंद होने की स्थिति में पहुंच गई।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई, लेकिन इसी बीच एक अज्ञात युवक मानवता की मिसाल बनकर सामने आया। बिना किसी घबराहट के उसने बच्ची को सड़क पर ही वैज्ञानिक तरीके से CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया।
कुछ ही क्षणों में चमत्कार हुआ—
👉 बच्ची की सांसें वापस लौटीं
👉 शरीर में हलचल आई
👉 बच्ची ने आंखें खोलीं
मौके पर मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए। प्रत्यक्षदर्शी सुधीर कुमार दुबे ने पूरी घटना को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने बताया कि युवक ने जिस आत्मविश्वास और सही तकनीक से CPR दिया, वही बच्ची की जिंदगी बचाने का कारण बना।
घटना के बाद वह युवक बिना किसी पहचान बताए चुपचाप वहां से चला गया। स्थानीय लोगों ने उसे ‘भगवान का अवतार’ और ‘धरती का फरिश्ता’ बताते हुए नमन किया।
घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।
👉 यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि
सही समय पर लिया गया सही फैसला, मौत को भी मात दे सकता है।