CM मोहन यादव का संवेदनशील निर्णय: NEET कोचिंग, अध्ययन सामग्री और छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय बैगा समुदाय की बिटिया सुश्री अनामिका बैगा को मेडिकल कॉलेज तक की पढ़ाई में हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने NEET परीक्षा की तैयारी हेतु कोचिंग, अध्ययन सामग्री एवं छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीधी प्रवास के दौरान अनामिका बैगा द्वारा पढ़ाई में सहयोग का अनुरोध किए जाने पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि कॉलेज में प्रवेश होने पर भी राज्य सरकार द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अनामिका भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने अनामिका बैगा से भेंट कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी को निर्देशित किया कि अनामिका के लिए NEET कोचिंग, पुस्तकें एवं छात्रावास सुविधा शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
साथ ही अनामिका एवं उनके पिता रामकुमार बैगा से चर्चा कर उन्हें जनजातीय कार्य विभाग एवं अन्य पात्र हितग्राही योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री की यह पहल जनजातीय बैगा समाज की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा यह संदेश देगी कि सरकार प्रतिभाशाली बेटियों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।