
कलेक्टर रजनी सिंह व एसपी ऋषिकेश मीणा का संयुक्त वार्षिक निरीक्षण, सुरक्षा से सुधार तक हर व्यवस्था की गहन पड़ताल
नरसिंहपुर। विशेष संवाददाता – राजकुमार दुबे, नरसिंहपुर मो.नं. 94254 57928
केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में प्रशासनिक कसावट उस समय स्पष्ट रूप से नजर आई, जब कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने जेल का संयुक्त वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी शाखा, हवालाती शाखा, कल्याण शाखा, फोन एवं जाली मुलाकात प्रणाली सहित प्रत्येक महत्वपूर्ण व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जेल परिसर में संचालित दरी, चादर एवं फर्नीचर निर्माण इकाइयों का अवलोकन किया और बंदियों से जुड़ी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कलेक्टर व एसपी ने बंदी वार्डों में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर बंदियों से सीधा संवाद किया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
इसके पश्चात अधिकारियों ने महिला जेल का भी निरीक्षण किया। महिला बंदियों से स्वास्थ्य, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने महिला बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि—
“यदि कोई महिला बंदी जेल अवधि के दौरान अपनी प्रतिभा निखारने हेतु प्रशिक्षण या रचनात्मक कार्य करना चाहती है, तो प्रशासन उन्हें हर संभव सहयोग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगा।”
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक श्री अजमेर सिंह ठाकुर सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने जेल व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, मानवीय एवं सुधारात्मक दृष्टिकोण के साथ संचालित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।




