युवाओं की वोटिंग क्लास: एसडीएम शहपुरा ने कॉलेज में बताया मतदाता बनने का आसान रास्ता
डिंडौरी। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा के निर्देशन में मॉडल कॉलेज एवं स्नातक महाविद्यालय डिंडौरी के विद्यार्थियों के लिए मतदाता सूची संबंधी काउंसलिंग तथा फॉर्म 6, 7 एवं 8 की प्रक्रिया को लेकर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेज विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम में संशोधन तथा नाम विलोपन की प्रक्रिया की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर एसडीएम श्री वर्मा ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका, मतदान के अधिकार और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
ओरिएंटेशन के दौरान बताया गया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 09 एवं 10 जनवरी 2026 को दोनों महाविद्यालयों में विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे पात्र छात्र-छात्राएं बिना किसी परेशानी के मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।
कार्यक्रम के पश्चात महाविद्यालयों के प्राध्यापकों के साथ विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की गई तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, बीआरसी शहपुरा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।