जब शासन बना सहारा एयर एम्बुलेंस से मिला जीवनदान

डिंडौरी। मध्य प्रदेश में संवेदनशील शासन और जिला प्रशासन की तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण डिंडौरी जिले से सामने आया है। ग्राम पिपरिया निवासी 25 वर्षीय युवती कीर्ति चंदेल को गंभीर बीमारी के बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से एम्स भोपाल रेफर किया गया। यह सुविधा केंद्र सरकार की पीएम श्री योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई।
▶️ आर्थिक स्थिति बनी थी बड़ी चुनौती
कीर्ति चंदेल के माता-पिता खेती एवं मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार के लिए बेटी के महंगे इलाज की व्यवस्था करना संभव नहीं था।
▶️ पहले हो चुकी थी सर्जरी
कीर्ति के भाई पुनु दास चंदेल ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व रायपुर मेडिकल कॉलेज में कीर्ति की कमर में ट्यूमर की सर्जरी कराई गई थी। स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण मंगलवार को उन्हें जिला चिकित्सालय डिंडौरी के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया।
▶️ प्रशासन ने दिखाई तत्परता
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएमएचओ श्री मनोज पांडेय ने तत्काल कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर द्वारा उच्च अधिकारियों से समन्वय कर मरीज को एयर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
▶️ कलेक्टर ने दिया मानवीय संबल
एम्स भोपाल रवाना करने से पूर्व कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया स्वयं एयर एम्बुलेंस में पहुंचीं और कीर्ति चंदेल से चर्चा कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर साझा करते हुए किसी भी आवश्यकता पर सीधे संपर्क करने का आश्वासन दिया।
▶️ एयर एम्बुलेंस टीम
एयर एम्बुलेंस का संचालन पायलट कैप्टन जे.एस. चौहान एवं कैप्टन संजय कुमार शर्मा द्वारा किया गया। मरीज के साथ एक परिजन और चिकित्सक डॉ. पंकज मौजूद रहे।
▶️ प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी, सीएमएचओ श्री मनोज पांडेय सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के नागरिकों द्वारा कीर्ति चंदेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।