भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अब सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि ज़मीन के नीचे भी तेज़ी से दौड़ने को तैयार है। देश की सबसे आधुनिक टनल बोरिंग मशीन (TBM) भोपाल पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही राज्य में पहली बार 3.39 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड मेट्रो टनल का निर्माण किया जाएगा।
यह अंडरग्राउंड मेट्रो टनल करीब 65 फीट नीचे बनाई जाएगी, जो भोपाल रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों के नीचे से गुज़रेगी। खास बात यह है कि मेट्रो निर्माण के दौरान ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा और शहर की ऐतिहासिक विरासत को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
मेट्रो प्रोजेक्ट में उपयोग की जा रही TBM मशीनें प्रतिदिन करीब 15 मीटर तक खुदाई करने में सक्षम हैं। अधिकारियों के अनुसार, अंडरग्राउंड टनल का कार्य मार्च 2026 से शुरू किया जाएगा।
भोपाल मेट्रो का यह प्रोजेक्ट शहर को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने के साथ-साथ स्मार्ट सिटी की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह अंडरग्राउंड सेक्शन ऑरेंज लाइन का हिस्सा होगा, जो भविष्य में यात्रियों को तेज़, सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराएगा।
ट्रैफिक बिना रुके, विरासत बिना छुए —
भोपाल मेट्रो बना रही है भविष्य का रास्ता।