
डिंडौरी में शुरू होगा “मेगा APAAR अभियान”, जून के हर शनिवार स्कूलों में लगेगा विशेष शिविर
डिंडौरी। जिले में शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देश पर 1 जून से 30 जून 2026 तक जिलेभर में “मेगा अपार दिवस” अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जून माह के प्रत्येक शनिवार को विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों की APAAR (Automated Permanent Academic Account Registry) ID बनाई जाएगी।
जिला परियोजना समन्वयक श्री दिवाकर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में यह अभियान मिशन मोड में संचालित होगा। जिन विद्यार्थियों की अब तक APAAR आईडी नहीं बनी है, उनके अभिभावकों को विद्यालय बुलाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ तत्काल प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने साफ शब्दों में निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी विद्यालय या कर्मचारी द्वारा कार्य में शिथिलता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई तय मानी जाएगी।
क्या है APAAR ID?
APAAR ID केंद्र सरकार की “एक राष्ट्र – एक छात्र” अवधारणा का हिस्सा है। इसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी को एक यूनिक डिजिटल अकादमिक पहचान दी जा रही है, जिसमें प्री-प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक का पूरा शैक्षणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
इस डिजिटल आईडी में विद्यार्थियों के —
- परीक्षा परिणाम
- छात्रवृत्ति विवरण
- खेलकूद उपलब्धियां
- सह-शैक्षणिक गतिविधियां
- प्रमाण पत्र एवं अन्य उपलब्धियां
स्थायी रूप से सुरक्षित रहेंगी। इससे भविष्य में दस्तावेज सत्यापन, प्रवेश प्रक्रिया और स्कूल बदलने जैसी व्यवस्थाएं बेहद आसान हो जाएंगी।
अभिभावकों से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि विद्यालय द्वारा तय तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने बच्चों की APAAR ID अवश्य बनवाएं, ताकि जिले का कोई भी विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान से वंचित न रह जाए।


