डिण्डौरी। एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा के निर्देशन में सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी द्वारा खरीदी केंद्र कठौतिया एवं मेंहदवानी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खरीदे गए उपज की सुरक्षित व्यवस्था एवं शीघ्र उठाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय सहायक आपूर्ति अधिकारी द्वारा सिली हुई बोरियों को विधिवत स्टेक लगवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित बारिश से उपज को सुरक्षित रखने हेतु पर्याप्त तिरपाल एवं पन्नियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। इसके अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परिवहनकर्ता को अधिक से अधिक वाहनों की व्यवस्था कर उपज का शीघ्र परिवहन करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे खरीदी केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति न बने। निरीक्षण का उद्देश्य खरीदी कार्य को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराना रहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।