डिंडोरी। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ जिले के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में 1 अप्रैल को प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नव प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा तथा उनके लिए विशेष भोज की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर जिला शिक्षा केंद्र की जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल ने बताया कि प्रवेशोत्सव के दौरान शिक्षकों द्वारा नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ छात्र-छात्राएं भी कनिष्ठ विद्यार्थियों को विद्यालय से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
📚 नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण और बाल सभा
प्रवेशोत्सव के दिन से ही सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में इस अवसर पर विशेष बाल सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिभावकों को नामांकन, उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
🎓 कक्षा पहली में नामांकन अनिवार्य
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 6 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक बच्चे का कक्षा पहली में नामांकन अनिवार्य किया गया है। निर्देशानुसार 30 सितंबर 2026 तक 6 वर्ष पूर्ण करने वाले बच्चों का नामांकन मार्च माह में ही सुनिश्चित किया जाएगा।
📊 ड्रॉपआउट बच्चों पर विशेष ध्यान
समग्र आईडी एवं यू-डाइस के माध्यम से शाला से बाहर बच्चों की पहचान की गई है। ऐसे बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
🏠 1 अप्रैल से शुरू होंगे छात्रावास
नए सत्र के साथ ही 1 अप्रैल से छात्रावासों का संचालन भी प्रारंभ किया जाएगा। सत्र 2026-27 में छात्रावासों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया लागू करने की तैयारी है।