नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शेष मुकाबलों का कार्यक्रम जारी करने वाला है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब जल्द ही आईपीएल के बचे हुए मैचों का शेड्यूल घोषित किया जाएगा।
राजीव शुक्ला ने कहा कि पहले चरण के 20 मुकाबलों का कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। अब आगामी मुकाबलों के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। चुनाव कार्यक्रम के कारण शेड्यूल में कुछ बदलाव करना पड़ा था, इसलिए आगे के मैचों की तारीखों को लेकर विचार-विमर्श जारी है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे, जबकि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा के बाद अब बीसीसीआई के लिए आईपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी करना आसान हो गया है।
बीसीसीआई के अनुसार सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल तैयार किया जा रहा है, ताकि टूर्नामेंट बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके। क्रिकेट प्रेमियों को अब जल्द ही आईपीएल 2026 के बाकी मुकाबलों की तारीखों और स्थानों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।