डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई के दौरान कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि शेष आवेदनों पर समय-सीमा निर्धारित करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर किसान सम्मान निधि, पेंशन, मनरेगा, आवास योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई। जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनमें आवेदकों को आवश्यक आश्वासन देते हुए विभागीय स्तर पर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों पर विशेष समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें हितग्राहियों द्वारा किस्त न मिलने, भुगतान रोके जाने अथवा तकनीकी कारणों से राशि बाधित होने की शिकायतें की गईं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ई-केवाईसी, आधार-बैंक लिंकिंग, भूमि अभिलेख त्रुटि एवं पोर्टल से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कर पात्र किसानों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
पेंशन प्रकरणों का तत्काल समाधान
आवेदक श्री कोमलचंद, ग्राम गोरखपुर (विकासखंड करंजिया) द्वारा पेंशन न मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-केवाईसी पूर्ण कराई, जिसके पश्चात पेंशन प्रकरण स्वीकृत कर राशि खाते में जमा कराई गई।
इसी प्रकार श्री श्याम सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत पडरिया कला (विकासखंड डिंडौरी) एवं भग्गू बाई, ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी (विकासखंड समनापुर) के पेंशन प्रकरणों का भी तत्काल निराकरण कर राशि हितग्राहियों के खातों में जमा कराई गई।
मनरेगा व निर्माण कार्यों की शिकायतों पर जांच के निर्देश
ग्राम पंचायत मडियारास के ग्रामीणों ने मनरेगा कार्यों, वृक्षारोपण एवं शेड निर्माण में लापरवाही तथा 51 जीवित व्यक्तियों का जॉब कार्ड में गलत रूप से जेंडर परिवर्तन कर ‘ट्रांसजेंडर’ दर्ज किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जिला पंचायत को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत देवरी माल में चेक डैम एवं कुआं निर्माण में गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर भी जांच के निर्देश दिए गए।
जनमन आवास योजना व सामाजिक प्रकरणों पर कार्रवाई ग्राम भुडकुर के बैगा परिवारों ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की शेष किस्तों की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभाग को निराकरण के निर्देश दिए गए।
ग्राम छपरा निवासी श्रीमती रानी एवं श्री अजय कछवाहा द्वारा सामाजिक उत्पीड़न एवं अवैध मांग की शिकायत पर कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम शहपुरा को तीन दिवस में जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायत
ग्राम चिरपोटी निवासी अनीता भारतीया द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भर्ती में अनियमितता की शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त सीईओ श्री पंकज जैन, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।