“समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश” संकल्प के साथ डिंडौरी में कृषक कल्याण वर्ष का शुभारंभ

डिंडौरी। कृषकों को उन्नत तकनीक, आधुनिक कृषि ज्ञान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, डिंडौरी में “समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश” संकल्प के साथ कृषक कल्याण वर्ष का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया, जो किसानों तक नवीन तकनीक एवं योजनाओं की जानकारी पहुँचाएगा।
🏛️ जनप्रतिनिधि, अधिकारी व वैज्ञानिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला उपाध्यक्ष श्री महेश धूमकेती, सांसद प्रतिनिधि श्री नरेंद्र राजपूत, जनपद सदस्य श्रीमती रजनी मांदे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. पंकज जैन, कृषि विज्ञान केंद्र प्रमुख डॉ. पी.एल. अंबुलकर सहित कृषि वैज्ञानिक डॉ. गीता सिंह, डॉ. रेणु पाठक, डॉ. अवधेश पटेल, उपसंचालक कृषि, परियोजना संचालक आत्मा, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम, कृषि विस्तार अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।
🪔 दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कृषकों को संबोधित करते हुए शासन की कृषि हितैषी योजनाओं, नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
🌱 प्राकृतिक एवं जैविक खेती पर विशेष जोर
जिला उपाध्यक्ष श्री महेश धूमकेती ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। सांसद प्रतिनिधि श्री नरेंद्र राजपूत ने फार्मर रजिस्ट्री, जैविक खेती तथा विभिन्न योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।
🚜 उत्पादकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम ने पीएम धन-धान्य कृषि योजना की जानकारी देते हुए ग्रामवार सिंचाई कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। कृषि वैज्ञानिकों ने उन्नत खेती की तकनीकों एवं उन्नत प्रजाति के बीजों के लाभों से किसानों को अवगत कराया।
💻 डिजिटल व्यवस्था व योजनाओं की जानकारी
उपसंचालक कृषि ने ई-विकास पोर्टल, कृषि रथ के उद्देश्य तथा ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं परियोजना संचालक आत्मा ने प्राकृतिक खेती एवं जैविक संसाधन इकाई, तथा एसडीओ कृषि ने उन्नत कृषि यंत्रों एवं समन्वित कृषि प्रणाली के लाभों पर प्रकाश डाला।
🚩 कृषि रथ को दिखाई गई हरी झंडी
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कृषकों की उपस्थिति में कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके साथ जिले में कृषक कल्याण वर्ष का विधिवत शुभारंभ हुआ।