किसानों के द्वार तक सरकार: कृषि रथ से बदलेगी खेती की तस्वीर, योजनाएं अब सीधे किसानों के द्वार

डिंडौरी। कृषि पर्व 2026 के तहत जिले में किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। 11 जनवरी 2026 से जिलेभर में ‘कृषि रथ’ का संचालन किया जाएगा, जिसके माध्यम से शासन की प्रमुख कृषि योजनाएं सीधे किसानों तक पहुंचेंगी।
कृषि रथ संचालन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कृषि रथ जिले की ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, पराली प्रबंधन, फसल विविधिकरण, नैनो उर्वरकों का उपयोग, कस्टम हायरिंग सेंटर, उन्नत बीज, जैविक खेती, कटाई पश्चात प्रबंधन एवं कृषि ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देगा।
कृषि रथ के सफल संचालन हेतु कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया जाएगा, जो सप्ताह में एक बार प्रगति की समीक्षा करेगी। वहीं विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में समिति गठित कर ग्राम पंचायतवार रूट चार्ट तैयार किया जाएगा।
प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कृषि रथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार गांवों में भ्रमण करेगा। कृषि रथ के साथ तकनीकी दल रहेगा, जिसमें कृषि विभाग के वर्ग-2 अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र/कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ एवं प्रगतिशील कृषक शामिल होंगे। भ्रमण से पूर्व गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा।
कृषि रथ की दैनिक मॉनीटरिंग जिला एवं विकासखंड स्तर पर की जाएगी। मीडिया कैंपेन के लिए जनसंपर्क विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में प्रतिदिन प्रगति का प्रकाशन करेगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत कृषि उत्पादकता बढ़ाने, सिंचाई ढांचे के सुदृढ़ीकरण, भंडारण क्षमता विकास, कृषि ऋण की सुगमता एवं बेहतर सेवा वितरण हेतु ठोस कार्ययोजना पर अमल किया जा रहा है। कृषि रथ इन प्रयासों को किसानों तक सीधे पहुंचाने का मजबूत माध्यम बनेगा।
कृषि रथ संचालन हेतु आवश्यक राशि की जानकारी पृथक से जारी की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।